दूसरा चरण: 95 सीटों पर मतदान; बंगाल में कई जगह हिंसा, 3 बजे तक 65.4% वोटिंग

नई दिल्ली. लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत 11 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश पुड्डुचेरी की कुल 95 सीटों के लिए मतदान हो रहा है। बंगाल में कई जगहों पर हिंसा की घटनाएं हुईं। चोपड़ा में तृणमूल और भाजपा कार्यकर्ताओं की भिड़ंत हुई। इस दौरान एक पोलिंग बूथ पर ईवीएम टूट गई। उधर, ओडिशा के गंजाम में वोट देने के लिए कतार में लगे 95 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई।

दूसरे चरण में 97 सीटों पर मतदान होना था, लेकिन तमिलनाडु की वेल्लोर सीट पर वोटरों में धन बांटे जाने के संदेह के कारण चुनाव रद्द कर दिया गया। वहीं, त्रिपुरा-पूर्व लोकसभा सीट पर कानून-व्यवस्था ठीक नहीं होने की वजह से 23 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। दूसरे चरण में 15.79 करोड़ मतदाता 1629 उम्मीदवारों की हार-जीत का फैसला करेंगे। इस चरण के लिए 1.81 लाख पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। 5 राज्यों की 68 सीटें ऐसी हैं, जहां एनडीए-यूपीए में सीधा मुकाबला है। 3 राज्यों की 9 सीटों पर गठबंधन नहीं, बल्कि भाजपा-कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है।

बिहार के बांका में कुछ मतदाताओं ने दोबारा वोटिंग की कोशिश की। उन्हें रोकने की कोशिश में दोनों सुरक्षाकर्मियो को हवाई फायरिंग और लाठीचार्ज करना पड़ा। इसमें छह ग्रामीण घायल हुए।  

107 साल की पद्म पुरस्कार विजेता सालुमरादा थिमक्का ने कर्नाटक की बेंगलुरु ग्रामीण सीट के लिए वोट दिया।

पश्चिम बंगाल के उत्तरी दिनाजपुर स्थित चोपड़ा में तृणमूल कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प में एक ईवीएम तोड़ दी गई।

महाराष्ट्र के उस्मानाबाद में मतदान के दौरान वोटिंग प्रक्रिया को फेसबुक पर लाइव करने के आरोप में चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इनमें से एक एनसीपी छात्र संगठन के पदाधिकारी प्रणव पाटिल हैं।

कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उनके बेटे ने यतींद्र ने मैसूर में वोट डाला।
प.बंगाल के इस्लामपुर में माकपा नेता मोहम्मद सलीम की गाड़ी पर हमला। माकपा ने तृणमूल कांग्रेस पर हमले का आरोप लगाया। सलीम रायगंज से माकपा प्रत्याशी हैं।
इन्फोसिस के संस्थापक एनआर नारायणमूर्ति और पत्नी सुधा ने बेंगलुरु में वोट डाला।
अमरोहा के भाजपा उम्मीदवार कंवर सिंह तंवर ने फर्जी वोटिंग का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बुर्के में आ रही महिलाओं की जांच नहीं की जा रही। मैंने बुर्का पहने एक आदमी के पकड़े जाने की बात भी सुनी है।
भाजपा महासचिव और रायगंज (प.बंगाल) से उम्मीदवार देबश्री चौधुरी ने तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर बूथ कैप्चरिंग का आरोप लगाया।
हेमामालिनी ने कहा- मथुरा में मैंने काफी विकास कराया है। सपा-बसपा एक-दूसरे से लड़ते ही रहे। यहां जबर्दस्त मोदी लहर है।
पश्चिम बंगाल के उत्तर दीनाजपुर के इस्लामपुर में पुलिस ने लोगों पर आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया। लोगों का आरोप था कि उन्हें अज्ञात लोगों ने वोट डालने से रोका था। प्रदर्शनकारियों ने विरोध के चलते एनएच-34 ब्लॉक कर दिया था।
कांग्रेस नेता और सिलचर से प्रत्याशी सुष्मिता देव अपनी मां-बहन के साथ वोट डालने पहुंचीं।
केंद्रीय मंत्री और बक्सर से भाजपा प्रत्याशी अश्वनी कुमार चौबे ने भागलपुर में परिवार समेत मतदान किया।
उत्तरप्रदेश कांग्रेस प्रमुख और फतेहपुर सीकरी से उम्मीदवार राज बब्बर ने आगरा में वोट डाला।
अम्मा मक्कल मुनेत्र कषगम (एएमएमके) के प्रमुख टीटीवी दिनाकरण ने चेन्नई के बसंत नगर में वोट डाला।
द्रमुक अध्यक्ष एमके स्टालिन ने चेन्नई के तेनमपेट में वोट डाला।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी पत्नी अनीता और बेटे निखिल समेत ने रामनगर में वोट डाला। निखिल मांड्या से चुनाव लड़ रहे हैं।
आरएसएस के सहसरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले ने बेंगलुरु के शेषाद्रिपुरम में वोट डाला।
द्रमुक नेता कनिमोझी ने चेन्नई में वोट डाला। वह थूटूकुट्टी से चुनाव लड़ रही हैं। कनिमोझी ने कहा कि विपक्षी नेताओं को प्रताड़ित किया जा रहा है, उनके घरों पर छापे मारे जा रहे हैं। भाजपा ने अन्ना द्रमुक को पूरी तरह से अपने कब्जे में ले लिया है।
मथुरा के गोवर्धन ब्लॉक के 46 नंबर बूथ पर ईवीएम खराब होने के चलते वोटिंग शुरू नहीं हो पाई।
अभिनेता प्रकाश राज ने बेंगलुरु में वोट डाला। वह बेंगलुरु सेंट्रल से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं।
बीड़ के कलेक्टर आस्तिक कुमार पांडे ने बताया- 5 जगहों पर ईवीएम और वीवीपैट में खराबी की शिकायत मिली थी। इन्हें बदल दिया गया है। मतदान शांतिपूर्ण तरीके से हो रहा है।
मणिपुर की राज्यपाल नजमा हेपतुल्ला ने इम्फाल में वोट डाला।
पुड्डुचेरी में उपराज्यपाल किरण बेदी और मुख्यमंत्री वी नारायणसामी ने वोट डाला।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पलानीसामी ने सलेम में मतदान किया।
रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने साउथ बेंगलोर में वोट डाला।
सिलचर (असम) के बूथ अफसर ने बताया कि वीटीपैट ठीक से काम कर रही है। लोगों को मतदान करने में किसी तरह की परेशानी नहीं हो रही है।
तमिल स्टार कमल हासन ने चेन्नई में बेटी श्रुति हासन के साथ वोट डाला।
उत्तरप्रदेश के मंत्री श्रीकांत शर्मा ने मथुरा में वोट डाला।
पश्चिम बंगाल के उत्तर दीनाजपुर (रायगंज संसदीय सीट) के इस्लामपुर स्थित एक बूथ में में ईवीएम में खराबी आई।
पी चिदंबरम के बेटे कार्ति ने पत्नी श्रीनिधि रंगराजन और मां के साथ शिवगंगा में वोट डाला। शिवगंगा से कार्ति कांग्रेस उम्मीदवार हैं। उनका मुकाबला भाजपा के एच राजा से है।
असम के सिलचर के एक पोलिंग बूथ में वीवीपैट मशीन में खराबी आई। मौजूद अधिकारियों ने ठीक करने की कोशिश की।
पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता सुशील कुमार शिंदे ने परिवार समेत सोलापुर में वोट डाला।
तमिल फिल्मों के सुपरस्टार रजनीकांत ने चेन्नई में मतदान किया।
पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने तमिलनाडु के शिवगंगा में वोट डाला। उन्होंने कहा कि मैंने तमिलनाडु और केंद्र की सरकार में बदलाव के लिए वोट दिया है।
न्यूज एजेंसी को गृह मंत्रालय के सूत्रों ने बताया कि एक और बांग्लादेशी एक्टर गाजी अब्दुल नूर को भारत छोड़ने का आदेश दिया गया है। नूर दमदम में हुई राजनीतिक रैली में शामिल हुए। उनके वीजा की वैधता समाप्त हो चुकी थी। इस मामले में कार्रवाई की जाएगी। 
एचडी देवेगौड़ा : पूर्व प्रधानमंत्री देवेगौड़ा कर्नाटक की तुमकुर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। उनके पोते- प्रज्ज्वल रेवेन्ना हासन से और निखिल गौड़ा मांड्या से उम्मीदवार हैं।
हेमा मालिनी : उप्र की मथुरा सीट से हेमा दूसरी बार चुनाव लड़ रही हैं। 2014 में उन्हें जीत मिली थी। इस बार उनका मुकाबला सपा-बसपा-रालोद के प्रत्याशी कुंवर नरेंद्र सिंह से है। कांग्रेस ने भी यहां से महेश पाठक को टिकट दिया है।
सदानंद गौड़ा : केंद्रीय मंत्री सदानंद गौड़ा बेंगलौर उतर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। उनका मुकाबला कांग्रेस के केबी गौड़ा से है।
जितेंद्र सिंह : केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह जम्मू-कश्मीर की उधमपुर सीट से दूसरी बार मैदान में हैं। उनका मुकाबला कांग्रेस के विक्रमादित्य सिंह से हैं जो कांग्रेस नेता कर्ण सिंह के बेटे हैं। 
कनिमोझी : द्रमुक संस्थापक एमके करुणानिधि की बेटी कनिमोझी तमिलनाडु की तुतुकुडी सीट से मैदान में हैं। उनका मुकाबला भाजपा के टी. सुंदरराजन से है। मंगलवार को इनकम टैक्स ने कनिमोझी के आवास पर छापा मारा था।
सुशील कुमार शिंदे : पूर्व गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे कांग्रेस के टिकट महाराष्ट्र की सोलापुर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। उनका मुकाबला भाजपा के जय सिद्धेश्वर शिवाचार्य महास्वामीजी से है। 
राज बब्बर : उत्तरप्रदेश की फतेहपुर सीकरी से राज बब्बर कांग्रेस के टिकट पर मैदान में हैं। उनका मुकाबला भाजपा के राजकुमार चाहर और सपा-बसपा-रालोद के संयुक्त उम्मीदवार गुड्डू पंडित से है।
फारूक अब्दुल्ला : नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख फारूक अब्दुल्ला श्रीनगर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। उनका मुकाबला पीडीपी के आगा मोहसिन, पीपुल्स कॉन्फ्रेंस के इरफान अंसारी और भाजपा के खालिद जहांगीर से है।

Comments